गुमला फुटबॉल खिलाड़ियों में आक्रोश, बिना सूचना लोहरदगा भेजी टीम, प्रशासन से जांच की मांग
गुमला फुटबॉल खिलाड़ियों में आक्रोश, बिना सूचना लोहरदगा भेजी टीम, प्रशासन से जांच की मांग
गुमला – गुमला जिला फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों को बिना किसी पूर्व सूचना के लोहरदगा में मैच खेलने के लिए टीम भेजे जाने पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में गहरा रोष देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिले के इंटरनेशनल और नेशनल स्तर के खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर अपने खेल को निखार रहे हैं, लेकिन उन्हें इस प्रतियोगिता की कोई जानकारी नहीं दी गई। खिलाड़ियों ने इसे एसोसिएशन की तरफ से बड़ा धोखा बताया।
खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि आखिर कौन-सी टीम लोहरदगा गई, जबकि किसी को आधिकारिक सूचना तक नहीं दी गई। खबर है कि जिस टीम को भेजा गया, वह 4-0 के अंतर से हारकर बाहर हो गई, जबकि इससे पहले कभी भी पलामू की टीम ने गुमला को नहीं हराया था।
खिलाड़ियों का कहना है कि यह न केवल गुमला फुटबॉल के लिए शर्मनाक स्थिति है, बल्कि इससे स्थानीय प्रतिभाओं का मनोबल भी टूट रहा है।
गुमला के खिलाड़ी — हर्षित बड़ा, प्रदीप लकड़ा, आसिफ अली, राजकिशोर, प्रवीण तिर्की, पवन यादव, सुनील यादव, जयवीर उरांव, प्रकाश बरला, सूरज बाकला, भैया राम उरांव, बुद्धेश्वर उरांव, सुमन किंडो — ने सामूहिक रूप से इस मामले पर नाराजगी जताई और जिला प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है।
खिलाड़ियों ने कहा कि खेल में पारदर्शिता और खिलाड़ियों के सम्मान को बनाए रखना सबसे आवश्यक है, ताकि गुमला का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर फिर से ऊँचा उठ सके.


