गिरिडीह साइबर थाना की बड़ी कार्रवाईजामताड़ा का मुख्य सरगना समेत पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, 12 मोबाइल और 15 सिम कार्ड बरामद
गिरिडीह साइबर थाना की बड़ी कार्रवाईजामताड़ा का मुख्य सरगना समेत पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, 12 मोबाइल और 15 सिम कार्ड बरामद
गिरिडीह। जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक अहम उपलब्धि हासिल करते हुए जामताड़ा के मुख्य सरगना समेत पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को प्रतिबिंब पोर्टल से सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के बगरा रेलवे ओवरब्रिज के पास बालीडीह में कुछ लोग फोन के जरिए ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर छापा मारा और वहां से जामताड़ा निवासी मुख्य सरगना अफताब अंसारी सहित पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आम लोगों को ठगने के लिए मोबाइल पर फर्जी APK फाइलें — जैसे SBI Credit Card Update.apk, RTO E-challan.apk, PM Kisan Yojana.apk और YONO SBI Bank.apk भेजते थे। खुद को बैंक अधिकारी बताकर KYC अपडेट या वेरिफिकेशन के नाम पर OTP हासिल कर खातों से रकम निकाल लेते थे।गिरफ्तार अपराधियों के नाम अफताब अंसारी (मुख्य सरगना, जामताड़ा), परवेज अंसारी (मुख्य सरगना, देवघर), तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी हैं।
पुलिस ने उनके पास से 12 मोबाइल फोन, जिनमें तीन आईफोन शामिल हैं, और 15 सिम कार्ड जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देवघर और जामताड़ा के अन्य साइबर नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। ठगी की रकम फर्जी खातों में मंगाई जाती थी और बाद में आरोपी नकद रूप में बांट लेते थे। इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 38/2025 दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।इस संबंध में एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों पर गिरिडीह पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें और किसी तरह की ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

