गढ़वा में दोपहिया वाहनों की सघन चेकिंग, बिना हेलमेट और कागजात वालों पर कार्रवाई
गढ़वा जिले के पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के द्वारा बुधवार को दोपहिया वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में संचालित किया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, बिना नंबर प्लेट, कागजातों के अभाव में वाहन चलाने वाले तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में हो रहे सड़क हादसों पर नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं की जान के साथ खिलवाड़ भी है। पुलिस ने लोगों से अपील कि है कि चाहे आम व्यक्ति हो चाहे ख़ास किसी को बक्सा नहीं जाएगा,वे अपने वाहन के सभी जरूरी कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट आदि साथ रखें और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें।इस दौरान पुलिस टीम ने कई स्थानों पर जागरूकता संदेश भी दिया और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

