डाल्टनगंज में आधी रात बड़ी चोरी — अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात पर किया हाथ साफ
शहर के 20 फूटा श्री राम चौक, मां वैष्णवी नगर, बेरिया वार्ड नंबर 3 में बीती रात लगभग 2:00 बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार सिंह के घर से करीब ₹1,00,000 नकद और लगभग आधा लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए।
घटना के समय घर के सदस्य अपने गांव गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शैलेश कुमार सिंह, जो कि पीड़ित के पड़ोसी और परिजन भी हैं, ने बताया कि —
“मैं अपने नए घर का निर्माण कार्य बगल में ही करा रहा हूं और फिलहाल परिवार सहित 100 मीटर की दूरी पर किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान जब हम गांव गए हुए थे, तब चोरों ने मौका पाकर घर में घुसकर नकद और जेवरात चोरी कर लिए।”
मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने पास के एक और घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घर के आसपास के CCTV फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अज्ञात व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध देखी जा रही थीं, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि इतनी बड़ी चोरी हो जाएगी।
लोगों में दहशत का माहौल है और सभी ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

