बीएड की छात्रा आशा कुमारी की दुर्घटना में दर्दनाक मौत पर सरकार 50 लाख रुपए मुआवजा व सरकारी नौकरी दे: झारखण्ड क्रांति मंच

झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने मेदिनीनगर में प्रेस बयान जारी कर मेदिनीनगर के भट्ठी मुहल्ला शास्त्री नगर निवासी बीएड की छात्रा आशा कुमारी (28 वर्ष)की पिछले 3 नवम्बर को खनवां में शिक्षण अभ्यास कार्य से अपने पति संदीप कुमार व दो दुधमुंहे बच्चों के साथ दोपहिया वाहन से लौटते समय एफसीआई के ट्रक चालक द्वारा पीछे से धक्का मारने के कारण हुई असामयिक मृत्यु पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन जी व पलामू के उपायुक्त समीरा एस से मृतका बीएड की छात्रा के परिजन को 50 लाख रुपए मुआवजा व सरकारी नौकरी व अन्य सुविधाएं दिलाने का आग्रह किया है।
बयान में उन्होंने कहा है कि एक प्रतिभावान दलित बीएड की छात्रा के दुर्घटना में असामयिक मौत से ना केवल समाज को बड़ी छति हुई है‌‌ बल्कि उसके दो दुधमुंहे घायल बच्चों समेत पूरे परिजनों के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
बयान के अंत में उन्होंने कहा है कि इस मामले में शीघ्र ही उपायुक्त पलामू से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।यह सर्वविदित है कि पलामू में नित्यप्रति सड़क दुघर्टनाओं में नौजवानों की असामयिक मौतों को रोकने की दिशा में जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानदंडों के अनुपालन कराने में विफल है,जिसकी समीक्षा होनी चाहिए ।