आमजन से जनता दरबार में सीधे मिले उपायुक्त, शिकायतों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

गिरिडीह जिले में सुशासन और जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन लगातार पहल कर रहा है। इसी क्रम में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। आज शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर आमजनों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। उपायुक्त ने सभी आवेदन गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया और तय समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर कई मामलों जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड आदि का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया गया।
इस दौरान दो थर्ड जेंडर भी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने उनका आवेदन लेकर त्वरित संज्ञान लिया और उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं वोटर आईडी कार्ड जल्द बनाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, लैंड रजिस्ट्रेशन, लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना, राशन और शिक्षा से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं।
उपायुक्त ने अंचलाधिकारियों को भूमि विवादों का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया और अधिकारियों से फोन पर अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed