एम.के. डी.ए.वी में मनाई गई गुरु नानक जयंती

एम.के. डी.ए.वी में मनाई गई गुरु नानक जयंती।

4 नवंबर 2025 को एम.के. डी.ए.वी पब्लिक स्कूल डालटेनगंज में सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी की जयंती मनाई गई। विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने वरिष्ठ शिक्षकों के साथ श्री गुरु नानक जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती नीतू,12वीं कक्षा की छात्रा अमृत कौर तथा सातवीं कक्षा की छात्रा हरगुन कौर के साथ जपजी साहिब का संक्षिप्त पाठ करते हुए छात्रों को नानक जी के विचारों से अवगत कराया। इसके पश्चात 11वीं कक्षा के छात्र वैभव ने नानक जी के जीवन, विचार एवं दर्शन का भाषण के माध्यम से परिचय दिया ।आज की प्रार्थना सभा गुरु नानक जी को समर्पित थी ।

इस अवसर पर छात्रों को उद्बोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने कहा कि गुरु नानक जी समाज के सच्चे पथ प्रदर्शक थे।उन्होंने एक ओंकार के सिद्धांत का प्रतिपादन किया। उन्होंने उस समय की अनेक कुरीतियों, लैंगिक भेदभाव, सामाजिक भेदभाव को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज में नारी योगदान को रेखांकित करने एवं उनके जीवन की कठिनाइयों को दूर करने का कार्य किया। प्राचार्य महोदया ने गुरु नानक जी के तीन सिद्धांतो नाम जप ,कीरत करनी और वंड छको की व्याख्या कर छात्रों को सामाजिक भेदभाव न करने तथा गुरु नानक जी के आदर्शों को अपनाने की बात कही ।कार्यक्रम का संचालन नवीं अ कक्षा के छात्र यशस्वी उमंग ने किया । मंच पर शिक्षक श्री जितेंद्र तिवारी, श्री विक्रम रॉय, श्री अनंत पाठक, सुश्री अनुश्री चक्रवर्ती उपस्थित थे । कार्यक्रम संयोजक शिक्षक श्री कन्हैया राय थे।