लातेहार में जेसीबी और ट्रैक्टर में लगाई गई आग, नक्सली थे या अपराधी? पुलिस जांच में जुटी
लातेहार में जेसीबी और ट्रैक्टर में लगाई गई आग, नक्सली थे या अपराधी? पुलिस जांच में जुटी
लातेहार: जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के बेतर गांव में निर्माणाधीन एक निजी कॉलेज में काम कर रहे एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना को नक्सलियों ने अंजाम दिया या अपराधियों ने. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात अज्ञात लोग अचानक कॉलेज परिसर में घुस आए और वहां खड़ी जेसीबी और ट्रैक्टर में आग लगा दी. कुछ ही देर में आग भड़क गई और दोनों वाहन पूरी तरह से इसकी चपेट में आ गए. वाहनों में आग लगते देख पुलिस को सूचना दी गई. बेतर गांव स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे.
कॉलेज परिसर में काम कर रहे मजदूरों और अन्य लोगों ने पानी और बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके थे. घटना के बाद कोई पर्चा या पोस्टर नहीं फेंके जाने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना को किसने अंजाम दिया.
लातेहार के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना को किसने अंजाम दिया, इसकी जांच की जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में जो लोग भी शामिल हैं, पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजेगी.

