चैनपुर में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरण — टीबी मुक्त पंचायत की दिशा में बड़ा कदम, जागरूकता अभियान हुआ तेज

चैनपुर में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरण — टीबी मुक्त पंचायत की दिशा में बड़ा कदम, जागरूकता अभियान हुआ तेज

गुमला – उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश एवं यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. कृष्णकांत मिश्रा के नेतृत्व में, हिंडालको के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर में चैनपुर प्रखंड के 28 उपचारित टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करना था, बल्कि समाज में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना और “टीबी मुक्त पंचायत” के लक्ष्य को साकार करना भी था।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य श्रीमती मेरी लकड़ा, चैनपुर की मुखिया श्रीमती शोभा देवी एवं वार्ड सदस्य श्रीमती रश्मि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। तीनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया और मरीजों का उत्साहवर्धन किया।

जिला परिषद सदस्य श्रीमती मेरी लकड़ा ने अपने संबोधन में कहा की टीबी से लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने आस-पास के लोगों को जागरूक करेगा और इलाजरत मरीजों को मानसिक सहयोग देगा, तो चैनपुर प्रखंड निश्चित रूप से टीबी मुक्त बनकर राज्य में उदाहरण पेश करेगा।
उन्होंने आगे कहा की स्वास्थ्य विभाग के एसटीएस रणधीर टीबी उन्मूलन की दिशा में जिस समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उनके प्रयासों से अब हर पंचायत में जागरूकता की लहर दिख रही है।
मुखिया श्रीमती शोभा देवी ने कहा की हिंडालको द्वारा दिया गया सहयोग प्रशंसनीय है। पोषण किट से मरीजों को शारीरिक मजबूती मिलेगी, लेकिन असली ताकत उनके मनोबल और नियमित दवा सेवन से मिलेगी। चैनपुर में एसटीएस रणधीर की सक्रियता से टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है — मरीजों को समय पर दवा, पोषण किट और योजनाओं की राशि प्राप्त हो रही है।

वार्ड सदस्य श्रीमती रश्मि ने कहा की टीबी मरीजों को समाज से अलग समझने की मानसिकता बदलनी होगी। हमें उनके साथ खड़े होकर उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए। टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने टीबी मुक्त भारत अभियान की शपथ ली और टीबी की रोकथाम, पहचान एवं उपचार में सहयोग देने का संकल्प लिया।

टीबी उन्मूलन अभियान के सफल संचालन में एसटीएस रणधीर की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
उन्होंने मरीजों की पहचान, पोषण किट वितरण, निक्षय पोर्टल पर डेटा एंट्री और फॉलोअप की निगरानी जैसे कार्यों में सक्रिय योगदान दिया। उनके प्रयासों से चैनपुर प्रखंड में टीबी नियंत्रण की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें टीबी मुक्त पंचायत अभियान की रीढ़ कहा।
इस अवसर पर प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रमोद रवि, एमटीएस प्रबीन निशांत, स्वास्थ्यकर्मी कौशलेंद्र कुमार सिन्हा, लेखालिपिक प्रेम कुमार, एमपीडब्ल्यू प्रकाश कुमार, एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया — हर घर टीबी मुक्त हो, हर पंचायत स्वस्थ और सशक्त बने।

You may have missed