नेतरहाट की खूबसूरत वादियों में सिंगबोंगा मैराथन दौड़ का आयोजन
नेतरहाट की खूबसूरत वादियों में सिंगबोंगा मैराथन दौड़ का आयोजन
महुआडांड़ (लातेहार) युवा कौशल विकास महोत्सव 2025 के अंतर्गत जिला परिषद अध्यक्ष पूनम सिंह की अध्यक्षता में नेतरहाट की मनमोहक वादियों में पहाड़ों के गोद में बने खुबसूरत वैली में सिंगबोंगा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें लातेहार जिले के 100 फुटबॉल टीमों के 1500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सुबह की ठंडी हवाओं और प्राकृतिक सुंदरता के बीच आरंभ हुई यह दौड़ पूरे मार्ग पर उत्साह और जोश से भरी रही। मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर जल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। ग्रामीणों, विद्यालयों और स्वयंसेवकों ने पूरे जोश से प्रतिभागियों का स्वागत किया। विशेष रूप से महिला वर्ग की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की प्रमुख विशेषता रही। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए मुख्य अतिथि एवं उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन से प्रतिभागियों में उत्साह भरा। जिला परिषद अध्यक्ष पूनम सिंह ने अपने संबोधन में कहा “यह मैराथन युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी को सशक्त करेगी। आने वाले समय में यही युवा देश के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।”
विशिष्ट अतिथि पद्मश्री अशोक भगत, सचिव – विकास भारती बिशुनपुर ने कहा कि “सिंगबोंगा मैराथन केवल खेल नहीं, बल्कि यह झारखण्ड की सांस्कृतिक चेतना और अनुशासन का प्रतीक है। यह हमें संघर्ष, सामूहिकता और आत्मनिर्भरता की राह पर चलने की प्रेरणा देती है।” उन्होंने युवाओं से कहा कि वे जीवन में लक्ष्य तय कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।
नेतरहाट विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि “खेल हमें अनुशासित और समर्पित बनाता है, जो जीवन की हर दिशा में सफलता की कुंजी है। जिसके पश्चात नेतरहाट से जतरा टाना भगत स्मारक चिंगारी बिशनपुर तक 28 किलोमीटर की प्रेरक दौड़ की शुरुआत हुई। जिसमें बालिका वर्ग (28 किमी) में प्रथम स्थान नीमा कुमारी (कुगाव, गुमला) ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान ऊषा कुमारी (चिपरी, बिशुनपुर) और तृतीय स्थान रूपा कुमारी (मंजीरा, बिशुनपुर) ने हासिल किया। अन्य प्रतिभागियों में ममता कुमारी, देवंती कुमारी, कौशल्या उरांव, फूल कुमारी, रोशनी कुमारी, फूल कुमारी (चिपरी) एवं सबनम कुमारी के साथ 378 बालिकाएं सम्मिलित रहीं।
वहीं बालक वर्ग (28 किमी) में प्रथम स्थान अनुराय उरांव (ओरया, बिशुनपुर) को मिला। द्वितीय स्थान अमर उरांव (कुलकूपी, पुसो) और तृतीय स्थान रामबिलास पासवान (सेन्हा, लोहरदगा) को प्राप्त हुआ। अन्य प्रतिभागियों में सुदर्शन उरांव, बुद्धेश्वर उरांव, सुशील उरांव, अभिनय उरांव, छंदू मुंडा, अनीश उरांव , अश्विन टेटे के साथ 566 बालक सम्लित रहे। मैराथन के समापन अवसर पर विजेताओं को प्रमाणपत्र, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विकास भारती बिशुनपुर के कार्यकर्ताओं, नेतरहाट विद्यालय प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लातेहार एवं गुमला जिले के ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन धनंजय कश्यम के नेतृत्व में सम्पन हुआ।

