प्रशिक्षण उपरांत 59 एस.एच.जी. महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम
प्रशिक्षण उपरांत 59 एस.एच.जी. महिलाओं को मिला प्रमाण पत्र
पोखराहा खुर्द स्थित भारतीय स्टेट बैंक – ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), पलामू में 13-दिवसीय “कृषि उद्यमी” प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा 14-दिवसीय “रचनात्मक आभूषण निर्माण की अनिवार्यताएं” प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को किया गया | इस अवसर पर कुल 59 एस.एच.जी. महिलाओं को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया | आरसेटी के निदेशक ब्रह्मा नन्द साह, आरसेटी के वरीय संकाय जितेन्द्र मेहता एवं संकाय जयंत चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र दिया | प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए वरीय संकाय जितेन्द्र मेहता ने कहा कि कृषि उद्यमी एक रोजगारपरक कार्यक्रम है तथा इस प्रशिक्षण में कुल 27 प्रतिभागी सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किये हैं | प्रशिक्षण के बाद नयी तकनीक से कृषि कार्य करके स्वरोजगारी बन सकते हैं | प्रशिक्षण का लाभ उठाकर प्रतिभागियों को व्यावसाय करना चाहिए |
दूसरे प्रशिक्षण “रचनात्मक आभूषण निर्माण की अनिवार्यताएं” में कुल 32 सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिया गया | इस प्रशिक्षण के बाद महिलाएं स्वरोजगार कर आत्मनिर्भर बनें तथा अपने घर से ही चूड़ी, एवं अन्य ज्वेलरी का निर्माण करके अपना आमदनी बढ़ा सकते हैं | | जरुरतमंदो को स्वरोजगार करने के लिए यथासंभव ऋण भी उपलब्ध कराया जायेगा |
प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन ग्रामीण विकास विभाग , भारत सरकार के नेशनल अकैडमी ऑफ़ रुडसेटी द्वारा प्रतिनियुक्त असेसर के द्वारा किया गया |
मौके पर संस्थान के संकाय जयंत चक्रवर्ती ने कहा कि संस्थान बेरोजगार लोगों का पहचान कर उनके इच्छा के अनुसार चयनित विषय पर निःशुल्क प्रशिक्षण देती है | संस्थान के द्वारा नवम्बर माह में मशरुम खेती, कमर्शियल हॉर्टिकल्चर, गार्डनिंग एंड लैंडस्केपिंग तथा जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर का प्रशिक्षण दिया जायेगा I इस अवसर पर संस्थान के सहायक मणिकांत दूबे, शशि रंजन कुमार , मनोज चौधरी, संजय राम, अमरनाथ उरांव सहित कुल 59 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे |

