अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने गिरिडीह में किया विरोध – हिंदू युवकों पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच की मांग

गिरिडीह। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल आज बुधवार को डीसी ऑफिस पहुंचा और कई हिंदू युवकों पर दर्ज मुकदमों के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आरक्षी अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। बताया गया कि हाल ही में स्टेशन रोड पर प्रतिबंधित मांस ले जाने के आरोप में एक टोटो चालक को हिरासत में लिया गया था। टोटो चालक की पिटाई प्रकरण में कई युवकों पर झूठा मुकदमा दर्ज किए जाने का आरोप परिषद ने लगाया है। संगठन ने कहा कि हिंदू समाज के पवित्र त्योहार दीपावली और छठ पर्व से पहले शहर का साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यह साजिश की गई है। परिषद ने प्रशासन से आग्रह किया कि निर्दोष युवकों को आरोपमुक्त किया जाए और ऐसे तत्वों पर कार्रवाई हो जो जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन ने यह भी कहा कि कुछ लोग गौ तस्करों को बचाने के लिए मीडिया में बयानबाजी कर प्रशासन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे शहर की शांति भंग हो रही है।मौके पर जिला अध्यक्ष रितेश पांडेय, नित्यानंद प्रसाद, रवि शंकर पांडेय, उदय सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।