दीपावली-छठ से अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार, 116 बोतल शराब और लाखों की सामग्री जब्त
गिरिडीह। दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सघन अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बिरनी थाना क्षेत्र के कटरियाटांड़ में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर अवैध विदेशी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से 116 बोतल अवैध विदेशी शराब, 120 लीटर स्पिरिट, 2000 पीस लेबल, 5000 पीस ढक्कन, 1000 पीस होलोग्राम, 3 लीटर केरामल समेत शराब बनाने के उपकरण व सामग्री बरामद की। मौके से अभियुक्त पवन पासवान को गिरफ्तार किया गया है, जिसके विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन के नेतृत्व में की गई, जिसमें गृह रक्षक जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध कारोबारों पर लगातार करवाई जारी रहेगी।

