पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर फारेस्ट रोड के निर्माण को लेकर धरना-प्रदर्शन
रांची : लालगुटवा (पुंदाग) स्थित कृष्णानगर के मोहल्ला वासियों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। मुहल्ला वासियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि से सड़क निर्माण की मांग की। धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पुंदाग टीओपी के पीछे से लालगुटवा को जोड़ने वाला सड़क, जो गणेश अपार्टमेंट से एन०एच०-23 तक जर्जर अवस्था में है। कई बार सैकड़ो की संख्या में महिला-पुरुष द्वारा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया गया है लेकिन न तो आज तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और न ही सरकार द्वारा रोड निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क राज्य के सबसे बड़े श्री कृष्ण मंदिर से होकर गुजरता है, मंदिर के दर्शन हेतु प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। उक्त पथ पर वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है, दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। वाहन तो दूर बरसात के दिनों में इस सड़क से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए भी विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क निर्माण नहीं होने से मोहल्लावासी काफी चिंतित हैं।
सड़क किनारे कई फ्लैट्स और सोसाइटी का हो रहा निर्माण
धरना-प्रदर्शन में उपस्थित लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार आश्वासन मिलने के बाद भी आज तक इस सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि इस सड़क के किनारे कई बहुमंजिला फ्लैट्स एवं सोसाइटी का निर्माण हुआ है। इस इलाके से राज्य सरकार को रेवेन्यू भी जेनरेट होता है लेकिन सुविधाओं की कमी रहने के कारण लोग उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।

