सीएम की प्रगति यात्रा से पहले मुशहरी प्रखंड परिसर का सौंदर्यीकरण सवालों के घेरे में!

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित प्रगति यात्रा से पूर्व मुशहरी प्रखंड परिसर में तेज़ी से सौंदर्यीकरण, मुख्य द्वार, पार्क और सड़क निर्माण का कार्य कराया गया, लेकिन हाल ही में हुई हल्की वर्षा ने इन कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोल दी।

बारिश के कुछ ही घंटों बाद प्रखंड का मुख्य द्वार बुरी तरह धंस गया, जिससे पेवर ब्लॉक से किया गया सोलिंग भी बैठ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य द्वार के नीचे की मिट्टी बहकर काफी दूर तक धंस गई, जिससे प्रवेश द्वार पर खतरा उत्पन्न हो गया।

बताया जा रहा है कि संवेदक ने आनन-फानन में हल्की मिट्टी डाल कर काम को दोबारा ढक दिया, लेकिन स्थायित्व और सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। निर्माण कार्यों में इतनी जल्दबाज़ी और लापरवाही सवाल खड़े कर रही है — क्या यह सिर्फ दिखावे की तैयारी थी?