फाइलेरिया उन्मूलन में जनसहभागिता आवश्यक: एसडीओ ओमप्रकाश

जनसहभागिता से ही फाइलेरिया उन्मूलन अभियान होगा सफल- ओमप्रकाश
हुसैनाबाद, पलामू: जनसहभागिता से ही फाइलेरिया उन्मूलन अभियान सफल होगा। उक्त बातें हुसैनाबाद के एसडीओ सह आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता ने फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की सफलता हेतु गुरुवार को अनुमंडल सभागार में आयोजित अनुमंडलीय समन्वय समिति की बैठक में कही।उन्होंने कहा कि जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु एमडीए/आईडीए-2025 अभियान, 10 अगस्त से 25 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान डीईसी , एल्बेंडाजोल एवं एलवारमेस्टिन की दवाएं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 अगस्त को बूथ लेवल पर तथा उसके बाद घर-घर जाकर निःशुल्क खिलाई जाएंगी। यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने में सहायक हैं।अभियान की जानकारी लोगों तक पहुंचे इसे लेकर स्थानीय स्तर पर,गांव स्तर पर,पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।उन्होंने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर फाइलेरिया से बचा जा सकता है।
इस अभियान को सफल बनाने हेतु उपायुक्त के निर्देशानुसार सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आंगनबाड़ी सेविकाएं, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी, स्वास्थ्यकर्मी सहित विभिन्न विभागीय प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।एसडीओ श्री गुप्ता ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अनुमंडल के हर पात्र व्यक्ति को फाइलेरिया से बचाव हेतु दवा उपलब्ध कराना है। गर्भवती महिलाएं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति एवं 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी को दवा सेवन करना आवश्यक है।उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील है कि इस अभियान में सहयोग दें, स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दी जा रही दवा का सेवन करें और फाइलेरिया उन्मूलन में सहभागी बनें तथा किसी भी प्रकार के अफवाहों से बचें।
सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम हेतु आयोजित अनुमंडल समन्वय समिति की प्रथम बैठक में एसडीओ के अलावे अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनेश कुमार,प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, बीपीएम विभूति प्रसाद गुप्ता,हुसैनाबाद के बीडीओ सह सीडीपीओ सुनील वर्मा उपस्थित थे।