चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने केंद्र सरकार के समक्ष रखी अमानत बैराज नहर निर्माण की मांग

चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने केंद्र सरकार के समक्ष रखी अमानत बैराज नहर निर्माण की मांग

पलामू जिले के पांकी क्षेत्र में स्थित अमानत बराज से नहरों के निर्माण की माँग को लेकर सांसद कालीचरण सिंह ने लोकसभा में नियम 377 के तहत मुद्दा उठाया, पत्र के माध्यम से सांसद कालीचरण सिंह ने बताया कि यह बराज किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन नहरों का निर्माण नहीं रहने के कारण यह परियोजना अपने उद्देश्य को पूर्ण करने में असफल रही है। कृषि क्षेत्र के विकास में बड़ी बाधा बराज से पानी संग्रहण तो होता है, लेकिन इसके जल का उपयोग सिंचाई के लिए नहीं हो पा रहा है। हजारों किसान सिंचाई सुविधा के अभाव में प्राकृतिक वर्षा पर निर्भर हैं, जिससे उनकी फसलें अनिश्चितता की स्थिति में रहती हैं। कभी अतिवृष्टि से नुकसान होता है तो कभी सूखे की मार झेलनी पड़ती है। इसका सीधा असर उनकी आर्थिक स्थिति और क्षेत्र की कृषि उत्पादकता पर पड़ रहा है। यदि अमानत बराज से जुड़ी नहरों का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए, तो इससे हजारों किसानों को राहत मिलेगी। जल संसाधनों का समुचित उपयोग संभव होगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह न केवल किसानों की तकदीर बदलेगा, बल्कि सरकार की ‘हर खेत को पानी’ और ‘कृषि को आत्मनिर्भर’ बनाने की योजना को भी बल मिलेगा। सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष और केंद्र सरकार व संबंधित मंत्रालय से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता देते हुए लंबित नहरों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य और समृद्धि से जुड़ा विषय है। सरकार यदि शीघ्र कदम उठाए तो यह क्षेत्र कृषि समृद्धि की नई मिसाल कायम कर सकता है।