समाज को बांटने एवं विद्वेश फैलाने वाली राजनीति को मैं लात मारूंगा : मंत्री मिथिलेश

0
ec7d8fa8-bf9e-4c26-a01e-d92e0be9562d

समाज को बांटने एवं विद्वेश फैलाने वाली राजनीति को मैं लात मारूंगा : मंत्री मिथिलेश

कार्यकर्ता कमर कस लें, विरोधियों की होगी जमानत जप्त

 

गढ़वा:–गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा है कि समाज को बांटने वाली ताकतों का पूरजोर विरोध करें। हमारे कार्यकर्ता आज से कमर कसकर अपने-अपने बूथ पर लग जायें तो सभी विरोधियों की जमानत जप्त हो जाएगी। इस बार विधानसभा चुनाव में 50 हजार मतों से जीताकर पुनः रिकार्ड बनायें। मंत्री श्री ठाकुर रविवार को अपने आवास पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मलेन सह दशहरा मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई एवं असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता इतने सशक्त हैं कि वे एक तो क्या पांच विधानसभा में भी एक साथ कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की चाभी जनता के हाथ में होती है। जनता अपने हक, अधिकार प्राप्त करने, क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधि चुनती है। परंतु जनप्रतिनिधि बनते ही लोग पूरी तरह से जनता को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वा में भाई को भाई से लड़ाने का प्रयास किया गया। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। मुठ्ठी भर चंद लोग समाज को तार-तार करना चाहते हैं। वे लोग बाबा साहब के संविधान के साथ भी छेड़छाड़ करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को जनप्रतिनिधि बनने का कोई अधिकार नहीं है। जो लोग समाज को तोड़ना चाहते हैं उन्हें अपने पास नहीं भटकने दें। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि समाज को बांटने एवं विद्वेश फैलाने वाली राजनीति को मैं लात मारूंगा। मैं सौ बार हारना पसंद करूंगा लेकिन ऐसी घृणित राजनीति कभी नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को समाज में एकता एवं अखंडता बनाये रखने का संकल्प लेना होगा। पूर्व में जिन्हें मौका मिला उन्होंने काम नहीं किया। अब जनता को बरगला कर भ्रमित कर रहे हैं। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आज से ही कमर कसकर लग जायें। आगामी विस चुनाव में 50 हजार से जीत दिलाकर विरोधियों को ऐसा तमाचा मारें कि वे उन्हें दोबारा चुनाव में जाने में शर्म आये। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कराने का गुर बताया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओ को संकल्प भी दिलाया। पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि मंत्री श्री ठाकुर ने गढ़वा की पूरी तरह से तस्वीर बदल दी है। ऐसा विकास कार्य करने की क्षमता किसी अन्य जनप्रतिनिधि में नहीं है। मौके पर जिप अध्यक्ष शांति देवी, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा चौबे, राजकिशोर यादव, शरीफ अंसारी, नारद तिवारी, रामसागर यादव, दीपमाला, परेश तिवारी, फरीद खान, विकास कुशवाहा, लल्लू राम, संतोष केशरी, आशिष गुप्ता, तुलसी सिंह खरवार, अरविंद यादव आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष नितेश सिंह, आशिष अग्रवाल, जितेंद्र सिन्हा, सलीम जाफर, संजय सिन्हा, चंदा देवी, वंदना जायसवाल, फुजैल अहमद, नसीम अख्तर सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *