पांकी के चांपी में भीम आर्मी,आजाद समाज पार्टी का पंचायत कमिटी का हुआ गठन
पांकी के चांपी में भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी का पंचायत कमिटी का हुआ गठन
गरीबी में पला बढ़ा हूं इसलिए गरीबों का दर्द समझता हूं- मुमताज
पांकी प्रखंड के चांपी बाजार के प्रांगण में शनिवार की दोपहर भीम आर्मी/ आजाद समाज पार्टी के ग्राम पंचायत कमिटी के गठन हेतु बैठक का आयोजन किया गया जिसमें पंचायत के सैकड़ो लोग शामिल हुए। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पांकी विधानसभा क्षेत्र के भावी विधानसभा प्रत्याशी मुमताज अहमद खान के आगमन पर उन्हें फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रत्याशी मुमताज अहमद खान ने कहा कि भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी का पंचायत स्तरीय कमिटी गठित होने से दलित शोषित पिछड़े एवं उपेक्षित वर्ग के लोगों को विशेष लाभ होगा, पंचायत स्तर पर किसी तरह के मामले पर वे तत्काल पंचायत कमिटी को सूचना प्रदान करेंगे इसके बाद तत्काल जिला एवं राज्य कमिटी इस मामले में संज्ञान लेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन में अपार शक्ति है आज भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के साथ पूरे भारत के कोने-कोने से लोग जुड़ चुके हैं जिसका परिणाम है कि आज आजाद समाज पार्टी से सांसद भी चुने जा चुके हैं जो संसद में गरीब दलित शोषित पिछड़ों की आवाज बनकर दहाड़ लगा रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि पांकी विधानसभा में आज तक जितने भी जनप्रतिनिधि हुए किसी ने गरीब दलित शोषित एवं पिछड़ों को उनका हक अधिकार दिलाने का कार्य नहीं किया, आज भी यह समाज उपेक्षित है और सिर्फ वोट बैंक बनकर रह गया है उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है आजाद समाज पार्टी/ भीम आर्मी के बैनर तले लोग पंचायत से लेकर राज्य एवं देश स्तर तक एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का एवं अपना प्रतिनिधि चुनने का फैसला ले चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं गरीबी में पला बढ़ा
हूं इसलिए गरीबों का दर्द अच्छी तरह से समझता हूं, कार्यक्रम में संगलदीपा पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को विधानसभा प्रत्याशी मुमताज अहमद खान के समक्ष रखा एवं आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे मजबूती के साथ उनका साथ देने का वादा भी किया। मौके पर कार्यक्रम में डंडार कला पंचायत के मुखिया प्रदुमन सिंह, समाजसेवी अजय विश्वकर्मा, भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष गुलशन सीताराम दास समेत दर्जनों वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा की स्थिति छिपी हुई नहीं है चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद सभी वादे खोखले साबित हो जाते हैं, वर्तमान समय में सिर्फ धर्म और जात की राजनीति हो रही है आज जरूरत है सच्चे ईमानदार एवं गरीबों के सुख-दुख में अपने सहभागिता निभाने वाले प्रत्याशी मुमताज अहमद खाद को चुनने की ताकि पांकी विधानसभा का भविष्य उज्जवल हो सके। कार्यक्रम के अंत में पंचायत स्तरीय कमिटी का गठन किया गयाl
मौके पर कार्यक्रम में संगलदीपा पंचायत के उप मुखिया समेत सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित थे।
