पूर्व पीएम इमरान खान के करीबी फवाद चौधरी को पार्टी से निकाला बाहर
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के सबसे ज्यादा करीब माने जाने वाले नेता फवाद चौधरी को पार्टी से बाहर निकाल दिया गया है. पाकिस्तान की तहरीक-ए-इंसाफ (PTI ) ने एक साल पुराने मामले पर उन पर एक्शन लिया है. पार्टी ने पूर्व मंत्री रहे फवाद चौधरी को हटा दिया है. चौधरी को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का दाएं हाथ माना जाता है. फवाद ने पिछले साल 9 मई की हिंसा के बाद राजनीति से ब्रेक ले लिया था. हालांकि, उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी थी. अब पार्टी ने उन पर यह एक्शन लिया. AYR न्यूज के मुताबिक, पीटीआई के सेंट्रल इन्फॉर्मेशन सेक्रेटरी रऊफ हसन ने कहा कि फवाद चौधरी के अलावा इमरान इस्माइल और अली जैदी को भी पार्टी से निकाल दिया गया है. यह फैसला पार्टी ने सुप्रीमो इमरान खान के आदेश के बाद लिया है. रिपोर्ट की मानें तो पीटीआई की कोर कमेटी ने एक प्रस्ताव भी पास किया है, जिसके मुताबिक अब कभी भी इन मंत्रियों की पार्टी में वापसी नहीं होगी.
