20 साल बाद घर लौटा लापता पति, पत्नी की मांग में सिंदूर भरते ही छलक उठीं आंखें

20 साल बाद घर लौटा लापता पति, पत्नी की मांग में सिंदूर भरते ही छलक उठीं आंखें

बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बस्ती में मंगलवार को भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। करीब 20 साल पहले रोजगार की तलाश में मुंबई जाने के बाद लापता हुए परशुराम महतो अचानक सकुशल अपने घर लौट आए। लंबे इंतजार के बाद उन्हें सामने देखकर परिवार के लोगों को पहले तो अपनी आंखों पर भरोसा ही नहीं हुआ।

जब परशुराम की पहचान पूरी तरह स्पष्ट हुई तो परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। सबसे भावुक पल तब आया, जब उन्होंने अपनी पत्नी की मांग में सिंदूर भरा। यह दृश्य देखकर परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

करीब दो दशक बाद पति के लौटने से परिवार को मानो खोई हुई खुशियां वापस मिल गईं। परशुराम की वापसी की खबर पूरे गांव में फैल गई और उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। 20 साल का इंतजार खत्म हुआ तो घर में खुशी और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।