15 साल पुराना भाइयों का भूमि विवाद खत्म, पंचायत की पहल से हुआ समझौता

मेराल प्रखंड क्षेत्र के हासनदाग गांव में रविवार को करीब 15 वर्ष से चले आ रहे दो सगे भाइयों के बीच आपसी भूमि विवाद का पंचायत स्तर पर दो पत्रकारों एवं जनप्रतिनिधि तथा समाज सेवी के पहल पर समाधान कर लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य नंदू चौधरी ने की, जिसमें गांव के पंच, गणमान्य लोग एवं दोनों पक्ष उपस्थित रहे।

विवाद प्रथम पक्ष अंबिका ठाकुर एवं द्वितीय पक्ष कुलदीप ठाकुर (दोनों स्व. स्वरथ ठाकुर के पुत्र, ग्राम हासनदाग) के बीच घर सहित भूमि को लेकर था। दोनों पक्षों ने पंचायत के समक्ष अपनी-अपनी बातें रखीं और आपसी सहमति से विवाद का निपटारा कर लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने लिखित समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।

समझौते के अनुसार, पक्के मकान के पश्चिम-दक्षिण दिशा में लगभग दो फीट भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच बराबरी के आधार पर समाधान किया गया। सड़क किनारे बने निर्माण एवं अतिक्रमण संबंधी मामलों पर भी सहमति बनी। तय किया गया कि कुलदीप ठाकुर 31 जनवरी 2027 तक अपने हिस्से में बने चापाकल, शौचालय एवं अन्य निर्माण को निर्धारित सीमा के अनुसार खाली करेंगे।

इसके अलावा, अंबिका ठाकुर के पुराने घर से संबंधित विवादित हिस्से को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर खाली करने तथा दोनों पक्ष अपनी-अपनी भूमि सीमा का पालन करने पर सहमत हुए।

पंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि 26 जुलाई 2026 से दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज, विवाद या किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न नहीं करेंगे। यदि भविष्य में कोई पक्ष इस समझौते का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों एवं उपस्थित पंचों ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर पंचायत के निर्णय को स्वीकार किया।

बताया गया कि 15 वर्ष पूर्व से चले आ रहे इस विवाद के समाधान में पत्रकार यासीन अंसारी एवं विवेकानंद चौबे समाज सेवी मुबारक अंसारी, सुरेंद्र कुमार ठाकुर ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराने और आपसी सहमति बनाने में महत्वपूर्ण पहल की, जिसके बाद पंचायत की मौजूदगी में विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो सका। इस मौके पर, अलवानी गाँव के सेमरदोहरी टोला के सुरेंद्र ठाकुर तेनार गांव के आशीष ठाकुर, दिवाकर चौबे,अलिजान शेख,मुकेश ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।