08 एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों पर हुई समीक्षा — सरकार को चेतावनी, शीघ्र निर्णय की अपील”

आज दिनांक 9 नवंबर 2025 को झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, झारखंड प्रदेश (इकाई: भारतीय मजदूर संघ) की कार्यसमिति बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रदेश के सभी पदाधिकारीगण, जिला अध्यक्षगण एवं जिला सचिवगण उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन एन एच एम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्रीमान अनुज कुमार झा के अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य अतिथि रूप से — महामंत्री श्रीमान राजीव रंजन सिंह, संगठन मंत्री श्रीमान बृजेश कुमार जी तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री सह 108 एम्बुलेंस संगठन प्रभारी श्रीमान रमाशंकर प्रसाद, रांची जिला मंत्री श्रीमान सुबोध कुमार यादव, एवं कार्यालय मंत्री श्रीमान सुनील कुमार पाण्डे रूप से उपस्थित रहे ।

बैठक में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों, लगातार उत्पन्न हो रही समस्याओं एवं संगठन द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही संघ की आय-व्यय एवं दस्तावेजों की जांच की गई तथा आवश्यक सुधार हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया । उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा संगठन की सक्रियता एवं कर्मचारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गई तथा झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ को श्रमिक संघों के रजिस्ट्रीकरण का प्रमाण पत्र सौंपा गया ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ, झारखंड प्रदेश के महामंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में दिनांक 28 जुलाई 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ की गई थी। हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्रीमान अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी, किंतु आज तक उसे लागू नहीं किया गया है ।

उन्होंने कहा कि कंपनी का यह कहना कि सरकार द्वारा लिखित समझौता न होने के कारण समझौता को लागू नहीं किया जा सकता । सरकार को इस संबंध में एंबुलेंस कर्मचारी संघ द्वारा ज्ञापन सौंपा गया हैं, परंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार ने मौखिक समझौते के माध्यम से 108 एम्बुलेंस कर्मियों को गुमराह किया है। श्री सिंह ने कहा कि अब यह भारतीय मजदूर संघ का दायित्व बनता है कि सरकार से पुनः वार्ता कर कर्मचारियों की मांगों को शीघ्र लागू करवाया जाए । यदि सरकार ने जल्द ही निर्णय नहीं लिया, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसका समर्थन भारतीय मजदूर संघ के सभी संबद्ध संगठन करेंगे ।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री नीरज तिवारी ने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल 30 जुलाई 2025 को समाप्त की गई थी । उस समय अपर मुख्य सचिव महोदय की अध्यक्षता में कई बिंदुओं पर सहमति बनी थी, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे:

  1. सभी कर्मचारियों को कुशल श्रेणी का भुगतान दिया जाएगा।
  2. अतिरिक्त कार्य (ओवरटाइम) के लिए अलग से भुगतान किया जाएगा।
  3. सितंबर माह से PF, ESIC एवं जीवन बीमा की सुविधा लागू की जाएगी।
  4. फरवरी माह से अनियमित वेतन भुगतान की जांच कर नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
  5. किसी कर्मचारी को 60 वर्ष की आयु से पूर्व सेवा से नहीं हटाया जाएगा।
  6. मरम्मत योग्य एम्बुलेंसों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें सेवा में लाया जाएगा।

श्री तिवारी ने कहा कि खेद का विषय है कि सरकार अब तक अपने वादों को पूरा नहीं कर सकी है। सरकार द्वारा एम्बुलेंस संचालित कंपनी के श्रम कानूनों के उल्लंघन पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। फलस्वरूप कर्मचारी अपने श्रमिक अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा से वंचित हैं ।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में न तो बीमा सुरक्षा मिलती है और न ही उचित उपचार की सुविधा, जिसके कारण कई कर्मचारी जान गंवा चुके हैं । यह अत्यंत दुखद और विडंबनापूर्ण है कि जो कर्मचारी प्रतिदिन दूसरों की जान बचाने में लगे हैं, उन्हें स्वयं स्वास्थ्य सुविधा एवं सुरक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है ।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार शीघ्र ही हड़ताल के समय हुए समझौते को लागू नहीं करती है, तो संघ पुनः आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगा और इसे राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा ।
बैठक में उपस्थित झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के अधिकारी , प्रदेश महामंत्री श्री सूरज साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष कुणाल बनर्जी, कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव मृत्युंजय कुमार, उपाध्यक्ष रविकांत देव एवं अजय कुमार, गुमला जिला अध्यक्ष रूपेश कुमार, धनबाद जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव तथा सचिव रविन्द्र कुमार शर्मा, चतरा जिला सचिव नेहाल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे । संघ की अगली कार्यसमिति बैठक 10 एवं 11जनवरी 2025 स्थान धनबाद जिला में आयोजित किए जाने का निर्णय लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी द्वारा इस कार्यसमिति का समापन की घोषणा की गई ।

भवदीय
प्रदेश अध्यक्ष
नीरज तिवारी
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, झारखंड प्रदेश

You may have missed