वज्रपात ने छीनी युवक की जिंदगी, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत

वज्रपात ने छीनी युवक की जिंदगी, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत

रायडीह के रमजा गांव में दर्दनाक हादसा, तेज आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवक की जान गई

गुमला। जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजा गांव में शुक्रवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान दीपक सिंह (20 वर्ष), पिता अकलु सिंह, निवासी रमजा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे किसी कार्य से रमजा बाजार गया था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। इसी बीच वह बिजली गिरने की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके शरीर पर वज्रपात से जलने के स्पष्ट निशान पाए गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया। परिजन उसे ऑटो से शाम करीब 5 बजे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी मातम का माहौल है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। घटना के बाद लोगों ने बरसात के मौसम में वज्रपात से बचाव के प्रति सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।