विश्व एड्स दिवस पर गिरिडीह सदर अस्पताल से निकाली गई जागरूकता रैली
विश्व एड्स दिवस पर गिरिडीह सदर अस्पताल से निकाली गई जागरूकता रैली
गिरिडीह। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर सोमवार को सदर अस्पताल गिरिडीह की ओर से एड्स जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी डॉ रेखा कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एड्स से बचाव एवं जनजागरूकता के लिए आम नागरिकों के बीच आईईसी पम्पलेट का वितरण भी किया गया।
वर्तमान में गिरिडीह सदर अस्पताल में आईसीटीसी (ICTC) एवं एआरटी (ART) केंद्र संचालित हैं। यहां जांच, परामर्श तथा उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र (SSK यूनिट) की स्थापना की भी योजना है। यह केंद्र उच्च जोखिम व्यवहार वाले व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण और नए एचआईवी संक्रमणों की रोकथाम हेतु व्यापक सेवा पैकेज प्रदान करेगा।
NACO एवं भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहल के अंतर्गत स्थापित किए जा रहे इन केंद्रों का उद्देश्य एचआईवी संक्रमण को रोकते हुए समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं की प्रथम तिमाही में एचआईवी एवं सिफलिस जांच सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जा रहा है ताकि नवजात बच्चों को संक्रमण मुक्त रखा जा सके।
विश्व एड्स दिवस 2025 की थीम “बाधाओं पर विजय, एड्स प्रतिक्रिया का रूपांतरण” है, जो 2030 तक एड्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की दिशा में वैश्विक प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. एस. एम. जफरुल्ला, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रेखा कुमारी, उपाधीक्षक डॉ. प्रदीप बैठा, डीपीएम नीरज कुमार, डॉ. रचना शर्मा, पवन पवार सिन्हा (टीआई एनजीओ, प्रोग्राम मैनेजर), मो. मुस्तकीम, मो. जाकिर हुसैन, सुहागिनी, सरिता मिश्रा, एआरटी केंद्र से गोपाल कुमार, हीरा लाल, रूपा, अनामिका, नकुल यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

