वंदना सभा में पूर्व छात्र संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
वंदना सभा की गौरवमयी आख्या
आज की वंदना सभा ज्ञान, प्रेरणा और गौरव के अद्भुत संगम की साक्षी बनी।
आज हमें अपने ही आँगन में पले-बढ़े, विद्यालय के गौरव, पूर्व छात्र, प्रबंधकारिणी समिति के सह-सचिव, भाजपा युवा मोर्चा झारखण्ड के प्रदेश मंत्री तथा गिरिडीह नगर निगम वार्ड नं. 06 के यशस्वी वार्ड पार्षद, माननीय संजीव कुमार का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनकी गरिमामयी उपस्थिति से सम्पूर्ण वातावरण ऊर्जामय हो उठा।
सर्वप्रथम माननीय अतिथि महोदय ने विद्या की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन किया, जिससे सभा मण्डप में दिव्यता का संचार हुआ।
तत्पश्चात प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने समस्त भैया-बहनों के मध्य मुख्य अतिथि का परिचय कराया तथा उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में श्री संजीव जी ने अपने छात्र जीवन के संघर्ष, अनुशासन और सफलता के मंत्रों को साझा किया। उन्होंने भैया-बहनों को संदेश दिया –
“भैया-बहनो, जीवन में आचार्य जी और दीदी जी ईश्वर के समान हैं। उनके बताए मार्ग पर श्रद्धा और निष्ठा से चलो। परिश्रम को अपना हथियार बनाओ, अनुशासन को अपना संस्कार। सफलता निश्चित रूप से आपके चरण चूमेगी।”
उनके एक-एक शब्द में अनुभव की गहराई और अपनत्व की मिठास थी, जिसने सभी भैया-बहनों को निरंतर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी।

