“सरिया बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण, एसडीओ ने दिए सख्त निर्देश”
गिरिडीह। बगोदर-सरिया अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने आज पीएमश्री झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, सरिया का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय व अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सुरक्षित और स्वच्छ आवासीय वातावरण सुनिश्चित करना बताया गया।
निरीक्षण के दौरान अमुन्डल पदाधिकारी ने शिक्षण गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति व कक्षा संचालन की समीक्षा की तथा छात्राओं की नियमित उपस्थिति पर भी ध्यान दिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन तथा पोषाहार की गुणवत्ता की जांच की और छात्रावास की सफाई, पेयजल व शौचालय सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।
संतोष गुप्ता ने विद्यालय प्रबंधन और सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और अनुशासन का समुचित समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने छात्रावास की नियमित सफाई, पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता एवं छात्राओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी करने का भी सख्त निर्देश दिया। वार्डन को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे छात्राओं के खान-पान, रहन-सहन, पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों पर कड़ाई से नजर रखें तथा किसी भी छात्रा के अस्वस्थ होने पर त्वरित चिकित्सकीय परामर्श व उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन्य नहीं होगी और राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर की सभी सुविधाओं के नियमित रखरखाव और किसी भी कमी की शीघ्र सूचना संबंधित विभाग को देने का आदेश भी दिया, ताकि समस्या का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी, प्रधान लिपिक विनय कुमार, पंचायत सचिव अंजली कुमारी सहित विद्यालय प्रबंधन एवं अन्य अधिकारीमण्डल मौजूद थे।

