सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, हुसैनाबाद के तटीय गांवों में अलर्ट

सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, हुसैनाबाद के तटीय गांवों में अलर्ट

हुसैनाबाद, पलामू। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हुसैनाबाद क्षेत्र में प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभिन्न बराज और जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचने के बाद जलस्तर में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई तटीय गांवों में नदी के कटाव को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण लंबे समय से कटाव से बचाव के लिए तटबंध निर्माण की मांग करते रहे हैं।

सोन नदी के बीच बने बालू के टीलों पर कई किसान परवल, खीरा समेत मौसमी सब्जियों की खेती करते हैं, जबकि कुछ लोग अपने मवेशियों के साथ वहां मौजूद रहते हैं। जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नदी के बीच से किसानों और पशुपालकों को सुरक्षित स्थान पर लौटने की सलाह दी है। कई किसान नाव के सहारे अपना सामान लेकर वापस लौटने लगे हैं, हालांकि कुछ लोग अब भी फसल और मवेशियों की देखभाल के लिए नदी के बीच मौजूद हैं। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जलाशयों से अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचने के कारण जलस्तर बढ़ा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों, कटाव प्रभावित क्षेत्रों और नदी के बीच बने टीलों पर जाने से बचने तथा खतरे की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।