स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में ‘Action Research और Case Study’ पर व्याख्यान श्रृंखला का सफल आयोजन

स्कॉलर बी.एड. कॉलेज बनहत्ती में ‘Action Research और Case Study’ व्याख्यान श्रृंखला का द्वितीय दिन सफल समापन

IQAC सेल के तत्वावधान में स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती में चल रही पाँच दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का आज द्वितीय दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय “Action Research and Case Study” रहा, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. लक्ष्मी सरकार, प्राचार्या, रमेश प्रसाद यादव टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, कोडरमा ने उपस्थित बी.एड. प्रशिक्षुओं और शिक्षकों को अपने प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान से विषय की गहराई से अवगत कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला द्वारा स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया। डॉ. खोवाला ने मुख्य वक्ता डॉ. सरकार का पुष्पगुच्छ, मोमेंटो व शॉल से सम्मान करते हुए स्वागत किया और व्याख्यान श्रृंखला के उद्देश्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे शैक्षणिक आयोजनों की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि Action Research और Case Study बी.एड. के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं क्योंकि ये शिक्षकों को केवल विषय पढ़ाने वालों से आगे बढ़ाकर संवेदनशील, जागरूक तथा शोधपरक शिक्षक बनने में सहायता करते हैं।

डॉ. लक्ष्मी सरकार ने अपने व्याख्यान में Action Research को एक प्रायोगिक प्रक्रिया के रूप में प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसे शिक्षक अपनी शिक्षण विधियों को सुधारने तथा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से समझने हेतु अपनाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने Case Study को किसी विशिष्ट विषय या घटना का गहन अध्ययन बताते हुए उसके उपयोगिता, महत्त्व तथा व्यावहारिक पक्षों पर स्पष्ट रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया में इन दोनों विधियों के प्रयोग से मिलने वाले लाभों और चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। प्राचार्य डॉ. खोवाला के अतिरिक्त डॉ. हरदीप कौर ने भी संबंधित विषय पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सरकार ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर दिया और उनके साथ संवाद किया, जिससे उपस्थित शिक्षार्थियों को विषय की और स्पष्ट समझ प्राप्त हुई। मंच संचालन का दायित्व डॉ.

प्रवीण कुमार मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से निभाया तथा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप दिया। अंत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर मुख्य वक्ता, अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। लेक्चर श्रृंखला के द्वितीय दिवस ने विद्यार्थियों के अकादमिक व व्यावहारिक दृष्टिकोण दोनों के लिए महत्वपूर्ण ज्ञानवर्धक सत्र प्रदान किया।