स्कॉलर बी.एड. कॉलेज की ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे, युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
स्कॉलर बी.एड. कॉलेज की ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे, युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
गिरिडीह, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहट्टी में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-1 के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के माहौल के बीच आयोजित इस यात्रा में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही राष्ट्र निर्माण का सपना साकार होगा और भारत एक मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र बनेगा।
एनएसएस समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर जमैयार के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा महाविद्यालय परिसर से बनहट्टी मुख्य मार्ग तक पहुंची। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “तिरंगा हमारी शान है, यह हमारा स्वाभिमान है” जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न घरों पर तिरंगा लगाकर तथा राहगीरों को तिरंगा भेंट कर अभियान का संदेश दिया। साथ ही युवाओं में सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त किया।

