स्कॉलर बी.एड. कॉलेज का युवा महोत्सव में जलवा, चार पुरस्कारों पर जमाया कब्जा
स्कॉलर बी.एड. कॉलेज का युवा महोत्सव में जलवा, चार पुरस्कारों पर जमाया कब्जा
लोक नृत्य और लोकगीत में प्रथम स्थान हासिल कर दोनों टीमों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
गिरिडीह। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026-27 में स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, गिरिडीह के प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पुरस्कार अपने नाम किए। लोक नृत्य और लोकगीत की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर कॉलेज की दोनों टीमों ने राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।
मंगलवार, 3 नवंबर को जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बरला के नेतृत्व में स्कॉलर बी.एड. कॉलेज के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रमंडलीय वन पदाधिकारी मनीष तिवारी की उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
महोत्सव के दौरान लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें स्कॉलर बी.एड. कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।
कॉलेज की उपलब्धियों में लोक नृत्य समूह प्रतियोगिता में प्रथम, लोकगीत समूह प्रतियोगिता में प्रथम एवं तृतीय तथा नुक्कड़ नाटक में तृतीय स्थान शामिल है। इस तरह कॉलेज के खाते में कुल चार पुरस्कार आए। वहीं लोक नृत्य और लोकगीत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दोनों टीमें अब राज्य स्तर पर गिरिडीह का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस शानदार सफलता पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने सभी विजेता प्रतिभागियों, नृत्य प्रशिक्षक, संगीत प्रशिक्षक एवं सहायक प्राध्यापकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ाव और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्हें पूरा विश्वास है कि विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर गिरिडीह का नाम रोशन करेंगे और राष्ट्रीय युवा महोत्सव तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने विजेता टीमों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
स्कॉलर बी.एड. कॉलेज के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि जिले की सांस्कृतिक प्रतिभा और युवाओं की रचनात्मक क्षमता को भी नई पहचान देती है।

