SIR को लेकर झामुमो की बैठक, अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग पर दिया गया जोर

गिरिडीह। मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को उत्सव उपवन, गिरिडीह में गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मौजूद रहे जिन्होंने SIR और अनमैप्ड मतदाताओं के मसले पर पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री सोनू ने बताया कि गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र में कुल 60,432 मतदाता अनमैप्ड हैं। इन सभी अनमैप्ड मतदाताओं को मैपिंग कराने में पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए (बेसिक लिस्ट एजेंट) और बीएलए टू की अहम भूमिका होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी SIR के काम में सक्रिय रूप से जुड़ेंगे। अनमैप्ड मतदाताओं को मैपिंग के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार गंभीर है। बहुत जल्द राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सेवा पखवारा आयोजित कर जनसाधारण के लिए कैम्प लगाकर जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली बनवाने की सुविधा दी जाएगी, जिससे लॉजिकल एरर भी कम होंगे।
जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न देने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने और 14 जून को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित करने की घोषणा की। पूर्व विधायक केदार हाजरा ने मतदाताओं को जागरूक रहने की अपील की और कहा कि SIR में नाम कट जाने पर भविष्य में नाम जोड़ना मुश्किल हो सकता है। जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि अंतिम SIR 2003 में हुआ था तथा पुरानी सूचियों में माता-पिता या पूर्व पीढ़ियों का नाम होने पर नए पुनरीक्षण में नाम जुड़ जाएगा, भले ही वे झारखंड के बाहर हों।
बैठक के दौरान बेंगाबाद के प्रखंड अध्यक्ष नुनूराम किस्कू (टाइगर), सचिव खुरशीद अनवर हादी, गाण्डेय प्रखंड अध्यक्ष चांद मल मरांडी, सचिव शब्बीर अंसारी, गिरिडीह प्रखंड पश्चिमी अध्यक्ष अनवर अंसारी, सचिव बिनोद सोरेन, तेलोडीह पंचायत मुखिया शब्बीर आलम सहित कई स्थानीय नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में SIR से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे।