श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह में गूंजी शास्त्रीय संगीत की सुरलहरियां, कलाकारों ने बांधा समां
संगीत साधना केंद्र के तत्वावधान में बुधवार को श्री श्याम सेवा समिति ऑडिटोरियम में आयोजित श्री देवराहा बाबा संगीत समारोह में भारतीय शास्त्रीय संगीत का भव्य आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि 37 वर्षों से आयोजित हो रहा यह समारोह गिरिडीह की सांस्कृतिक पहचान है और शास्त्रीय संगीत मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुगंधा रंजन की गणेश वंदना, सुनील केडिया के भजन, पंडित अभय रुस्तम सोपोरी के संतूर वादन, पंडित अनुराधा पाल के तबला वादन तथा पंडित मोरमुकुट केडिया व पंडित मनोज केडिया की सितार-सरोद जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह का संचालन संगीत साधना केंद्र के अध्यक्ष नीलकमल भरतीया व सचिव हर्षित केडिया ने किया। समारोह में श्री लंगटा बाबा स्टील्स के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक मोहन साव, गिरिडीह की मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित गुप्ता, चैंबर ऑफ कॉमर्स गिरिडीह के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, रेडक्रॉस के अध्यक्ष अरविंद कुमार, संगीत गुरु बालमुकुंद बाबा, झामुमो के रॉकी सिंह, सुनील खंडेलवाल, मनोज जालान, श्रवण केडिया को सम्मानित किया गया।

