सीतामढ़ी में 40 यात्रियों से भरी नाव पलटी, ग्रामीणों ने सभी की बचाई जान
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित बागमती नदी के खड़का घाट पर रविवार को बड़ा नाव हादसा टल गया। करीब 40 यात्रियों से भरी ओवरलोड नाव नदी के बीच संतुलन बिगड़ने से पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत नदी में कूद पड़े और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घाट पर रोज क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नाव चलाई जाती है, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षित नाव की व्यवस्था, नियमित निगरानी और ओवरलोडिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

