सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त होगा गढ़वा का हर कोना— मंत्री मिथिलेश

0
b04c9de3-335c-4f9c-b33f-302027426460

सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त होगा गढ़वा का हर कोना : मंत्री मिथिलेश

कोरवाडीह – करकोमा पथ का होगा निर्माण, एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण होंगे लाभान्वित

 

गढ़वा : जिले के गढ़वा प्रखंड के कोरवाडीह से करकोमा तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। झारखंड सरकार ग्रामीण कार्य विभाग ने इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करकोमा पीडब्ल्यूडी पथ नहर से लुगलईया होते हुए पीडब्ल्यूडी पथ कोरवाडीह तक पथ का निर्माण कार्य किया जाएगा। चार करोड़ 53 लाख 89 हजार तीन सौ रुपए की लागत से 4.25 किमी सड़क का निर्माण होगा।
जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि झारखंड सरकार ने इस सड़क निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस सड़क निर्माण से लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। पहले इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी समस्या होती थी। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों की इस सड़क निर्माण की मांग थी, जो अब पूरी हो गई है।इस सड़क के निर्माण से गढ़वा के लोगों को करकोमा, कजराठ, बिछियादामर, देवगाना, दतवनिया, डंडई एवं धुरकी जाना आसान हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि जिस दिन से गढ़वा के लोगों ने उन्हें क्षेत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी है वे उसी दिन से लगातार दिन रात परिश्रम कर पूरे गढ़वा को सभी क्षेत्रों में चुस्त-दुरुस्त बनाने में लगे हुए हैं। आज उनके प्रयास एवं जनता के आशीर्वाद का ही परिणाम है कि गढ़वा की स्थिति में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि गढ़वा का कोना-कोना सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त हो। इसके लिए वे लगातार कार्य कर रहे हैं। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि आज गढ़वा सहित पूरे राज्य में हेमंत सरकार ने विकास की जो लंबी लकीर खींची है यही विरोधियों को पच नहीं रहा है। विपक्ष के लोग लगातार गरीब-गुरबों की आवाज दबाने एवं झारखंड का विकास बाधित करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। फिर भी हेमंत सरकार इन षड्यंत्र से बिना डरे हुए लगातार जनहित की बेहतर कार्य को कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की चाबी जनता के हाथ में होती है। झारखंड की जनता का आशीर्वाद हेमंत सरकार के साथ है। किसी भी राजनीतिक दल के षड्यंत्र का असर इस सरकार पर नहीं होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *