‘संगठन नदी की धारा है, सूखे के बाद बाढ़ भी आती है’ : मंगल सिंह भोगता
कार्यकर्ता निराश न हों, संगठन नदी की धारा है, सूखे के बाद बाढ़ भी आती है’ : मंगल सिंह भोगता
भाजपा पालकोट मंडल की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और एसआईआर अभियान पर हुआ मंथन
पालकोट (गुमला)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पालकोट मंडल की संगठनात्मक बैठक रविवार को मंडल अध्यक्ष राहुल बड़ाईक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सभी पंचायतों से अपेक्षित प्रतिनिधियों की उपस्थिति नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पालकोट मंडल के प्रभारी मंगल सिंह भोगता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और उसका कार्यकर्ता होना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है तथा अध्यक्षीय कार्य प्रणाली के तहत सभी कार्य किए जाते हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संगठनात्मक व्यवस्था में पार्टी के निर्णयों का सम्मान करते हैं। इसी प्रकार मंडल स्तर पर मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना चाहिए।
मंगल सिंह भोगता ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा की संगठन नदी की धारा की तरह होता है। कभी उसमें बाढ़ आती है, कभी सामान्य प्रवाह रहता है और कभी सूखे जैसी स्थिति भी बनती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को कभी निराश नहीं होना चाहिए। समय आने पर संगठन में फिर से ऊर्जा और कार्यकर्ताओं की बाढ़ आ जाएगी।
बैठक में बीएलए-2 के प्रभारी श्रद्धानंद बेसरा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अंत में ‘वंदे मातरम्’ के साथ बैठक का समापन हुआ।


