RIMS का बड़ा फैसला: बिना अनुमति मीडिया की एंट्री और वीडियोग्राफी पर रोक

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) प्रशासन ने मीडिया कर्मियों के प्रवेश और परिसर में फोटो-वीडियोग्राफी पर कड़ा निर्देश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार अब बिना पूर्व अनुमति किसी भी मीडिया प्रतिनिधि को रिम्स परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।
सूचना में कहा गया है कि मीडिया कर्मियों को प्रवेश या किसी भी प्रकार की रिपोर्टिंग करने के लिए सक्षम प्राधिकारी — निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक या अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक — से पूर्व स्वीकृति अनिवार्य रूप से लेनी होगी। आदेश में उल्लिखित निर्देशों का उद्देश्य अस्पताल के भीतर मरीजों की गोपनीयता, उपचार प्रक्रियाओं की गोपनीयता और चिकित्सा कार्य में व्यवधान को रोकना बताया गया है।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि बिना अनुमोदन परिसर में प्रवेश करने या फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।