रायडीह में भाजपा एससी मोर्चा का पौधारोपण, प्रदेश प्रवक्ता ने संगठन सशक्तीकरण पर दिया जोर

भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार राम ने रायडीह में किया पौधारोपण, संगठन सशक्तीकरण पर दिया जोर

गुमला। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन कुमार राम के निर्देश पर प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार राम के दो दिवसीय गुमला प्रवास के पहले दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का नेतृत्व भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खुशमन नायक ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद भाजपा के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रायडीह प्रखंड के सिलम नायक टोली में प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार राम और जिला अध्यक्ष खुशमन नायक ने आम, लीची, अमरूद सहित विभिन्न फलदार पौधों का पौधारोपण किया।

इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राकेश कुमार राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

पौधारोपण के बाद भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। प्रदेश प्रवक्ता ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

अपने प्रवास के दौरान राकेश कुमार राम एक कार्यकर्ता के घर आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में भी शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री शंभू नायक, मीडिया प्रभारी शक्ति नायक, सोशल मीडिया प्रभारी जीतू नायक, राजनाथ नायक सहित भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।