“राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP गढ़वा ने युवाओं की भूमिका पर संगोष्ठी का किया आयोजन”
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा नगर इकाई द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस सह 77वां स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय गोविंद +२ उच्च विद्यालय में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार संगोष्ठी “2047 के विकसित भारत में युवाओं के भूमिका” विषय पर रहा। संगोष्ठी में मुख्य रूप से अभाविप राज्य विश्वविद्यालय कार्य सह संयोजक मंजुल शुक्ल,पलामू विभाग संयोजक रामाशंकर पासवान, प्राचार्य विश्वविजय सिंह, जिला संयोजक शुभम तिवारी, जिला कला मंच प्रमुख कोस्तुभ मौजूद रहे। संबोधित करते हुए राज्य विश्वविद्यालय कार्य सह संयोजक मंजुल शुक्ल ने कहा कि 2047 के भारत में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए हमें यह समझना होगा कि भारत उस समय अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे कर रहा होगा। यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा और ऐसे समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक होगी। 2047 तक देश तकनीकी क्षेत्र में भी महाशक्ति बन सकता है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब हम युवा उच्च शिक्षा के साथ साथ व्यावसायिक और तकनीकी कौशल भी प्राप्त कर सके।भारत में पहले से ही स्टार्टअप क्रांति चल रही है, और भविष्य में यही युवा नौकरी चाहने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। विभाग संयोजक रामाशंकर पासवान ने कहा कि 2047 का भारत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी विकसित होना चाहिए। युवाओं को जाति, धर्म, लैंगिक भेदभाव, और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज़ उठानी होगी। हम युवाओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जरूरत पड़ने पर आगे आकर सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। प्राचार्य विश्वविजय सिंह ने कहा कि 2047 में भारत कैसा होगा, यह आज के युवाओं की सोच, मेहनत और कार्यशैली पर निर्भर करता है। यदि युवा कर्तव्यनिष्ठ और नवाचारी बनते हैं, तो भारत न केवल एक विकसित देश बनेगा, बल्कि विश्व गुरु की भूमिका में भी आ सकता है। जिला संयोजक शुभम तिवारी ने कहा कि हम युवाओं को हर चीज के आगे राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी होगी। पूरी दुनिया की नजर देश के युवाओं पर है। युवा शक्ति परिवर्तन का वाहक भी है और परिवर्तन का लाभार्थी भी है। इनके अलावा कोस्तुभ ने भी संबोधित किया। विचार संगोष्ठी के अंत में विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी हुआ। संगोष्ठी में सचिन चौबे,निरंजन चौबे,सुगंध बघेल,राज पटवा,हर्ष चंद्रवंशी,काजल,रश्मि,आकांक्षा,अनन्या,मुस्कान,सेजल,प्रेरणा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
