रांची में डूरंड कप 2026 का आगाज, ट्रॉफी शोकेस के साथ बढ़ा फुटबॉल का रोमांच

एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण का आगाज रांची में ट्रॉफी शोकेस समारोह के साथ हो गया। दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस वर्ष डूरंड कप के मैच देश के छह शहरों में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें रांची प्रमुख केंद्रों में शामिल है। यहां बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मुकाबले खेले जाएंगे। देश के शीर्ष क्लबों के साथ सर्विसेज टीमों की भागीदारी से टूर्नामेंट और रोमांचक होने की उम्मीद है।
आयोजन को लेकर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर अपनी अलग पहचान बना रहा है। डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का रांची में आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है।