राम मंदिर चढ़ावे के कथित गबन मामले में SIT की अंतिम रिपोर्ट, चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट

राम मंदिर चढ़ावे के कथित गबन मामले में SIT की अंतिम रिपोर्ट, चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट

अयोध्या। श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और दान के कथित गबन मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा को किसी दोषी कृत्य में शामिल नहीं पाया गया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों को क्लीन चिट दी गई है।

SIT ने रिपोर्ट की एक प्रति आगे की कार्रवाई के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भी दी है। रिपोर्ट में कथित चोरी के मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आठ लोगों को आरोपी बताया गया है। इनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू के नाम शामिल हैं। SIT के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर इन लोगों को मामले में आरोपी बनाया गया है। रिपोर्ट के आधिकारिक रूप से सार्वजनिक होने के बाद प्रशासन और ट्रस्ट आगे की कार्रवाई तय करेंगे।