राज इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा
राज इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा
कोडरमा। राज इंटरनेशनल स्कूल, कोडरमा में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राहुल घोष ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुरुजनों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही जीवन में ज्ञान, संस्कार और सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए स्वयं के हाथों से बनाए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड और उपहार भेंट किए, जिससे विद्यालय का वातावरण भावुक और उल्लासपूर्ण हो उठा।
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में विद्यालय में गुरु वंदना, भजन, समूह गीत, कविता पाठ, प्रेरणादायक भाषण, नृत्य, लघु नाटिका (स्किट), प्रश्नोत्तरी, कार्ड निर्माण एवं धन्यवाद संदेश लेखन जैसी अनेक सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। प्रधानाचार्य राहुल घोष ने विद्यार्थियों को गुरुजनों का सदैव सम्मान करने, उनके आदर्शों का अनुसरण करने तथा अनुशासित एवं संस्कारित जीवन जीने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
संवाददाता : आयुष कुमार, कोडरमा

