पूर्वडीहा विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रभात फेरी और खेलकूद प्रतियोगिता
पलामू – चैनपुर प्रखंड अंतर्गत पूर्वडीहा गांव के स्तरोन्नत उच्च विद्यालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस के शुभ अवसर पर प्रभात फेरी निकालकर बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया । विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नागेन्द्र प्रसाद ने बताया कि आज मेजर ध्यानचंद के जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय में खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है इसके पूर्व पूरे गांव में बच्चों द्वारा प्रभात फेरी के द्वारा जागरुकता अभियान चलाया गया जिसमें मेजर ध्यानचंद अमर रहें, खेलेगा इंडिया बढ़ेगा इंडिया, जैसे नारे लगाए गए । स्पोर्ट्स टीचर साकेत शुक्ला ने बताया कि आजकल बच्चे मैदान में कम मोबाइल में ज्यादा खेल रहे हैं यही कारण है कि बच्चे शारीरिक रुप से ज्यादा मजबूत नहीं हो पा रहे हैं । आज जरुरत है बच्चों को मैदान पर उतरकर शारीरिक शक्ति के साथ खेल खेलने की जिससे बच्चों का शारीरिक और सर्वांगीण विकास हो । विद्यालय के अन्य शिक्षक सुजीत कुमार ने कहा कि खेल से बच्चों के अंदर सहयोग की भावना विकसित होती है । खेल में जब खिलाड़ी मिलकर एक टीम के रूप में एकजुट होकर खेलते हैं इससे परस्पर सहयोग की भावना का विकास होता है जिससे बच्चों का सामाजिक विकास भी होता है । अतः आज खेल दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को यह संकल्प लेना होगा कि मोबाइल छोड़कर बच्चे मैदान में उतरकर खेलें । प्रभातफेरी में विद्यालय के सभी छात्र छात्राओं के अलावा सभी शिक्षक गोरख उरांव, संदीप कुमार, मीना कुमारी, गीता कुमारी, एवं नेहा कुमारी भी उपस्थित थीं ।

