पांकी में विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, ‘छोटा परिवार-सुखी परिवार’ का लिया संकल्प

पांकी में विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, ‘छोटा परिवार-सुखी परिवार’ का लिया संकल्प

​पांकी
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को बढ़ती जनसंख्या के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और परिवार नियोजन के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह चुनमुन पांडे ,चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर महेंद्र प्रसाद, बीपीएम मोहम्मद शाकिर के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिसके बाद कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या विकास की गति में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि हमें एक स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण करना है, तो जनसंख्या पर नियंत्रण पाना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों, एएनएम और सहियाओं ने आम नागरिकों को जनसंख्या के प्रति सही दृष्टिकोण अपनाने और छोटे परिवार के लाभों के बारे में जानकारी दी।
​कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, बड़ी संख्या में सहियाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। सभी ने ‘स्वस्थ परिवार-समृद्ध राष्ट्र’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।