पांकी में 50 बेड कै आधुनिक प्रीफैब्रिकेटेड अस्पताल का सांसद कालीचरण सिंह ने किया उद्घाटन
पांकी में 50 बेड कै आधुनिक प्रीफैब्रिकेटेड अस्पताल का सांसद कालीचरण सिंह ने किया उद्घाटन
पलामू जिले के पांकी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बहुप्रतीक्षित प्रीफैब्रिकेटेड फील्ड 50 बेड अस्पताल का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन चतरा लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद कालीचरण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम जनता उपस्थित रही। इस मौके पर पूरे पांकी क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे लोगों को अब एक आधुनिक और सुसज्जित अस्पताल की सौगात मिल गई है। बताया जा रहा है कि सांसद कालीचरण सिंह के अथक प्रयास और लगातार पहल के कारण ही यह अस्पताल संभव हो पाया है। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह 50 बेड का अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और यहां पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा, “स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार हमारी प्राथमिकता है। पांकी जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का अस्पताल खुलना एक बड़ी उपलब्धि है। इससे आसपास के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।” सांसद ने अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पांकी प्रखंड के प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, पांकी पूर्वी जिला परिषद सदस्य सुजाता देवी, मध्य जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, पश्चिमी जिला परिषद सदस्य निधि सिंह, सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा चुनमुन पांडेय, श्याम ओझा, शत्रुध्न सिंह, विश्वजीत सिंह, शंकर प्रसाद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लिए एक वरदान साबित होगा। उन्होंने सांसद कालीचरण सिंह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पांकी क्षेत्र लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। स्वास्थ्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर महेंद्र प्रसाद ने सांसद महोदय से निवेदन किया कि पांकी अस्पताल में 13 MBBS डॉक्टरों की जरूरत है पर अस्पताल में केवल 2 ही डॉक्टर है जिससे उनको काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है,
स्थानीय लोगों ने भी इस अस्पताल के उद्घाटन पर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि पहले उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मेदिनीनगर या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब पांकी में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, इस प्रीफैब्रिकेटेड अस्पताल में 50 बेड की सुविधा के साथ-साथ प्राथमिक इलाज, आपातकालीन सेवाएं, मातृ-शिशु देखभाल और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह अस्पताल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए मरीजों को बेहतर सेवा देने की अपील की।
कुल मिलाकर, पांकी प्रखंड के लिए यह दिन ऐतिहासिक रहा, जब क्षेत्र को एक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा का तोहफा मिला। अब देखना होगा कि यह अस्पताल आने वाले समय में किस तरह से स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता है।

