पाकुड़ में पीएम आवास योजना में बिचौलियों पर पैसा गवन का आरोप, ठगे गए आदिवासी पहुंचे डीसी कार्यालय

कहा कागज में बना है मकान’, असल में छत तक नसीब नहीं

मो० काजीरूल शेख

पाकुड़: पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत केंदुआ पंचायत के तेलोपाड़ा गांव और पहाड़पुर गांव के कई ग्रामीण मंगलवार को अपनी फरियाद लेकर समाहरणालय पहुंचे। ग्रामीणों ने हिरणपुर थाना क्षेत्र के तथाकथित बिचौलिया सलखन हांसदा एवं बाबूधन टुडू पर प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है।तेलोपाड़ा गांव से मंगल सोरेन, सनत सोरेन, बधराई हांसदा, बरसन मुर्मू तथा पहाड़पुर गांव से लुखीराम हेंब्रम, बाबूलाल हेंब्रम और बाबूलाल टुडू ने बताया कि वर्ष 2018 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि उक्त दोनों बिचौलियों ने सभी लाभुकों का आवास निर्माण कार्य शुरू कराया, लेकिन आधा-अधूरा मकान बनाकर ही कार्य रोक दिया गया। इसके बावजूद ऑनलाइन रिकॉर्ड में आवास को पूर्ण दिखाकर पूरी राशि की निकासी कर ली गई।ग्रामीणों ने कहा कि वे सभी अत्यंत गरीब और आदिवासी परिवार से आते हैं। अधूरे आवास में रहना उनके लिए मजबूरी बन गया है। बार-बार पंचायत, प्रखंड और संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद कहीं उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिससे वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि पाकुड़ जिले में दो आदिवासी विधायक और एक आदिवासी सांसद होने के बावजूद आदिवासियों के साथ इस तरह का अन्याय होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधि भी आदिवासी हैं, तो फिर गरीब आदिवासी परिवारों को अपने हक के लिए दर-दर भटकना क्यों पड़ रहा है।लाभुकों ने उपायुक्त को आवेदन देते हुए मांग की कि उनके अधूरे आवास को पूर्ण कराया जाए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी करने वाले दोनों बिचौलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द न्याय दिलाएगा।