नशीला पदार्थ खिलाकर युवक के साथ किया दुष्कर्म एसपी से की शिकायत

उरई (जालौन)। थाना रेढ़र क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम नावली में एक दिल दहला देने वाली घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। पीड़ित सुरेंद्र सिंह, पुत्र नबाव सिंह, ने पुलिस अधीक्षक, जालौन को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके साथ ही, पीड़ित ने थाना रेढ़र पुलिस पर शिकायत के बावजूद त्वरित कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है।शिकायती पत्र के अनुसार, 18 जुलाई 2025 की रात करीब 9 बजे, गांव के संतराम राठौर, पुत्र रतीराम, ने निजी कार्य का बहाना बनाकर सुरेंद्र को गांव के बाहर ले गए। वहां उसे जबरन शराब के साथ नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे वह शक्तिहीन हो गया। इसके बाद संतराम और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके कपड़े उतारकर उसे निर्वस्त्र किया और दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़ित के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के आकाश सिंह, पुत्र भारत सिंह, और पुष्पेंद्र, पुत्र शिवपाल सिंह, मौके पर पहुंचे और घटना को देखा। इसके बाद संतराम ने गाली-गलौज की और दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सुरेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी गई। जिससे डर के कारण वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं कर सका। हालांकि, 24 जुलाई 2025 को थाना रेढ़र में लिखित शिकायत दी, लेकिन हल्का इंचार्ज विजय सिंह ने कथित तौर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उसे टालते हुए अगले दिन जांच का आश्वासन दिया। निराश होकर पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षकने मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है