मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन गढ़वा जिले में आयोजित अबुआ आवास योजना कार्यक्रम में हुए शामिल

0
48a64518-652a-4f6e-92ba-db2320f3f2d1 (1)

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन अबुआ आवास योजना कार्यक्रम में हुए शामिल
लाभुकों को स्वीकृति पत्र, बैंक खाते में डीबीटी द्वारा पहली किस्त हस्तांतरित
राज्य में कोई भी गरीब और जरूरतमंद बिना पक्का मकान के नहीं रहेगा: सीएम

गढ़वा: राज्य में हर किसी को सम्मान मिलेगा। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। सभी के साथ न्याय होगा। राज्य की जनता को पूरे मान-सम्मान के साथ हक अधिकार देंगे। हमारी सरकार का यह संकल्प है और पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने शनिवार को गढ़वा में आयोजित पलामू प्रमंडल स्तरीय अबुआ आवास योजना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। मौके पर चयनित कुछ लाभुकों को सांकेतिक रूप से आवास की स्वीकृति पत्र एवं उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त की राशि हस्तांतरित की।
उन्होंने कहा कि राज्य में कोई भी गरीब और जरूरतमंद बिना मकान के नहीं रहेगा। किसी भी व्यक्ति का कच्चा और जर्जर घर नहीं होगा। सभी का अपना आशियाना होगा। राज्य सरकार अपने बलबूते 20 लाख लोगों को तीन कमरों का पक्का मकान देगी और इसका आगाज हो चुका है। उन्होने कहा कि विकास की लकीर को लंबी करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पिछले 4 वर्षों के अपने कार्यकाल में जिस तरह विकास के कार्य किए हैं। हमारी सरकार हेमन्त सोरेन द्वारा खीची गई विकास की लकीर को और लंबा करेगी। हम इस राज्य की तस्वीर और तकदीर को बदलेंगे। राज्य में कोई भी व्यक्ति रोटी, कपड़ा और मकान से वंचित नहीं रहेगा। यहां की जनता ने जिन उम्मीदों और आकांक्षाओं से हमारी सरकार बनाई है, उसे हर हाल में पूरा करेंगे। गरीबों को हर वर्ष साल में दो बार धोती-साड़ी और लूंगी उपलब्ध कराया जा रहा है। अब अबुआ आवास योजना के माध्यम से 20 लाख आवास विहीन गरीबों और जरूरतमंदों को मकान भी देने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गांव से चल रही है। इस दिशा में गांव और ग्रामीणों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं। ये योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं हो, हकीकत में धरातल पर नजर आएं, इसके लिए अधिकारियों का दल लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांव के बच्चों को अपने पंचायत में क्वालिटी एजुकेशन मिलेगा। राज्य में अभी लगभग 21 लाख बिजली उपभोक्ता हर महीने 100 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं। अब हमारी सरकार ने बिजली सब्सिडी को 100 यूनिट से बढ़ाकर 125 यूनिट करने का निर्णय लिया है, जिसका सीधा फायदा 31 लाख बिजली उपभोक्ताओं को होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेतों में सालों भर पानी रहे, इसके लिए सिंचाई परियोजनाओं का काम तेज गति से चल रहा है। आदिवासियों-मूलवासियों के साथ दलित और पिछड़ों को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। मौके पर स्थानीय विधायक मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जो वादे किये थे उसे पहले दिन से ही पुरा कर रहे थे। उन्होने कहा कि यह सरकार आपके हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित है। कार्यक्रम को मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह, लातेहार के विधायक वैद्यनाथ राम, उपायुक्त शेखर जमुआर ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायकों द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *