महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक, शांति व सौहार्द से पर्व मनाने की अपील
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक, शांति व सौहार्द से पर्व मनाने की अपील
गुमला — महाशिवरात्रि पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राजीव नीरज ने की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेश प्रसाद यादव, अंचल अधिकारी (सीओ) हरीश कुमार एवं सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के साथ शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ राजीव नीरज ने कहा कि महाशिवरात्रि आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जुलूस, पूजा-अर्चना, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने आमजन से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार गश्ती की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री से माहौल खराब न हो। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के समन्वय से ही पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।
अंचल अधिकारी हरीश कुमार ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा तय समय और निर्धारित मार्ग का ही पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अशांति या नियम उल्लंघन की स्थिति में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

