मेराल सीएचसी में 28 नवंबर को लगेगा स्वास्थ्य शिविर, मरीजों को मिलेगी निःशुल्क दवा
मेराल सीएचसी में 28 नवंबर को लगेगा स्वास्थ्य शिविर, मरीजों को मिलेगी निःशुल्क दवा
मेराल से विवेकानंद चौबे की रिपोर्ट।
मेराल। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 28 नवंबर को मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सीएचसी के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीरेन्द्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि डॉ. लालमोहन, बीपीआरओ बसंत पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा टीबी मरीजों को दवा के साथ निःशुल्क पोषाहार वितरित किया जाएगा। शिविर में रक्तदान, परिवार नियोजन ऑपरेशन सहित स्वास्थ्य से संबंधित कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड भी बनाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने के लिए सहिया एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी संबंधित कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक के अंत में बाना उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित 52 वर्षीय एएनएम सुनीता कुमारी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक सभा आयोजित की गई। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर विजय कुमार, चंचल कुमार सहित सभी एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

